अमृत कलश

Tuesday, October 13, 2015

मुमताज की तलाश

26 जनवरी, 2010

मुमताज़ की तलाश...

बात बहुत पुरानी है, पर आज भी सोचने पर हसी आ ही जाती है...

कॉलेज का वार्षिकोत्सव होने को था।श्री अवस्थी ने एक एकांकी लिखा और उसके मंचन हेतु उपयुक्त पत्रों की खोज प्रारंभ की।सभी महत्त्वपूर्ण और प्रमुख भूमिका करना चाहते थे।लड़कियों में भी चर्चा ज़ोरों पर थी।अलग अलग व्यक्तित्व वाली लड़कियों में मुमताज़ की भूमिका पाने की होड़ लगी हुई थी। सकारण अपना अपना पक्ष रख कर उस किरदार में अपने को खोजने में लगी हुई थीं।

साँवली सलोनी राधिका थी तो थोड़ी मोती, पर शायद अपने को सबसे अधिक भावप्रवण समझती थी। वह बोली, "ये रोल तो मुझे ही मिलना चाहिए। जैसे ही मैं इन संवादों को बोलूंगी, तो सब पर छा जाऊंगी।" चंद्रा उसके बड़बोलेपन को सहन नहीं कर सकी और उसने पलट वार किया, "जानती हो, मुझसे सुन्दर पूरे कॉलेज में कोई नहीं है। मुमताज़ तो सुन्दरता की मिसाल थी। अतः इस पात्र को निभाने के लिए मैं पूर्ण रूप से अधिकारी हूँ।"

शीबा कैसे चुप रह जाती? बोली, "वाह! मैं ही मुमताज़ का किरदार निभा पाऊंगी। जानती हो, मुझसे अच्छी उर्दू तुम में से किसी को नहीं आती। यदि संवाद सही उच्चारणों के साथ न बोले जाएँ तो क्या मज़ा?"

राधिका तीखी आवाज़ मैं बोली, "ज़रा अपनी सूरत तोह देखो! क्या हिरोइन ऐसी काली कलूटी होती हैं?!"

सुनते ही शीबा उबल पड़ी, "तुम क्या हो, पहले अपने को आईने में निहारो। बिल्कुल मुर्रा भैंस नज़र आती हो।"

"अजी, बिना बात की बहस से क्या लाभ होगा? देख लेना, सर तो मुझे ही यह रोल देंगे। मैं सुन्दर भी हूँ और... प्यारी भी।", मोना ने अपना मत जताया।

"बस बस। रहने भी दो। ड्रामे में हकले तक्लों का कोई काम नहीं होता। हाँ, यदि किसी हकले का कोई रोल होता, to शायद तुम धक् भी जातीं।", मानसी हाँथ नचाते हुई बोली।

इसी तरह आपस में हुज्जत होने लगी और शोर कक्ष के बाहर तक सुनाई देने लगा।बाहर घूम रहे लड़के भी कान लगाकर जानने की कोशिश में लग गये की आखिर मांजरा क्या है?

इस व्यर्थ की बहस की परिणीती देखने को मिली सांस्कृतिक प्रोग्राम में।

पर्दा उठा और हास्य प्रहसन "मुमताज़ की तलाश" की शुरुवात हुई।

एक भारी भरकम प्रोफेस्सर मंच पर अवतरित हुए। वह अपने नाटक की रूप रेखा बताने लगे। फिर आयीं भिन्न भिन्न प्रकार की नायिकाएं और अपना अपना पक्ष रखने लगीं मुमताज़ के पात्र के लिए।

फिर पूरा मंच एक अपूर्व अखाड़े में परिवर्तित हो गया और बेचारे प्रोफेस्सर साहब सिर पकड़कर बैठ गये। उनके मुख से निकला, "हाय!!! कहाँ से खोजूं मुमताज़ को?! यहाँ तो कई कई मुमताज़ हैं!"

और पटाक्षेप हो गया।

Saturday, October 3, 2015

हाथी और सियार

हाथी और सियार के लिए चित्र परिणाम

हाथी और सियार :-
एक जंगल था |वहां एक हाथी रहता था |वह बहुत सीधा और शांत था |घूमते घूमते वह एक सियार से मिला |सियार से उसकी दोस्ती हो गई |वे अक्सर मिलते आपस में बातें करते | नदी किनारे जब तब जाते |
हाथी ने नदी के पार बड़े बड़े खरबूज देखे |सियार के मुंह में तो पानी आने लगा |वहां कैसे पहुंचा जाए सोचने लगे |हाथी के कहा “सियार तुम मेरी पीठ पर बैठ जाओ |हम उसपार चले जाएगे “| सियार मान गया और
चुपचाप हाथी के ऊपर बैठ गया |दौनो नदी पार पहुंचे |सियार ने खरबूज खाना प्रारम्भ किया और सारे  खा गया|
हाथी के लिए कुछ भी न छोड़ा |हाथी को उसका स्वार्थीपन अच्छा नहीं लगा पर कुछ न बोला |
दूसरे दिन फिर सियार ने उस पार जाने की बात की |हाथी तैयार हो गया |वह सियार को सबक सिखाना चाहता था |उसने सियार से कहा “तुम चुप चाप खाना  खाना पर आवाज नहीं निकालना |पर सियार कम न था |
जानबूझ कर पेट भरते ही जोर जोर से आवाजे निकालने लगा |जैसे ही खेत का मालिक आया वह तेजी से भाग खडा हुआ |हाथी बहुत मोटा  था भाग न सका और रखवाले ने उसे बहुत मारा |
शाम होते ही सियार आ गया और बापिस चलने को कहा |हाथी उससे गुस्सा था और बदला लेना चाहता था |
उसने पीठ पर बैठने को कहा और बीच नदी में आते ही बोला “मुझे बहुत गरमी लग रही है|मेरा मन नहाने का हो रहा  है “ इतना कहकर वह पानी में लोटने लगा |शुरू में तो सियार उसे कस कर पकडे रहा पर जल्दी ही डूबने लगा और कहने लगा “बचाओ मुझे बचाओ “
    हाथी बोला अरे आवाजें निकालो कोई तो तुम्हारी मदद को आही जाएगा |और आगे बढ़ने लगा |
सियार को अपनी गलती का अहसास हुआ |वह रोने लगा और मांफी माँगने लगा |हाथी मन से दयावान था
उसने उसे नसीहत दी और कहा आगे से कभी ऐसा न करना किसी को धोखा न देना |सच्चे मित्र एक दूसरे का साथ देते है |कभी दगा नहीं करते |

आशा





Saturday, August 29, 2015

संश्राव्य



                                संश्राव्य
कवयित्री श्रीमती आशा लता सक्सेना का काव्य संग्रह “काव्य सुधा “ ऐसी कविताओं का संग्रह है जिसमें हमें जीवन के विभिन्न रंग देखने को मिलते हैं |
हैं मनोभाव
 गागर में सागर
 मन मोहक
मन में उपजते
शब्दों में सिमटते |
कवयित्री बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी हैं तभी तो  इन्होंने भिन्न भिन्न अनुभवों ,भावनाओं ,अंतर्जगत एवं
बाह्य  जगत की खूबियों  ,खामियों  ,सभी पर अपनी कलम चलाई है | वे  एक शिक्षिका रह चुकी हैं ,वह भी विज्ञान अंग्रेजी साहित्य ,व् अर्थशास्त्र की विभिन्न धाराओं की |मूल रूप से साहित्य में उनकी जन्मजात रूचि
रही है |वे एक ऐसी स्त्री हैं जिन्होंने एक गृहणी ,माँ,बहन ,पत्नी आदि सभी पारिवारिक रिश्तों को जिया है | कंप्यूटर के माध्यम से वे सामाजिक राष्ट्रीय व् अन्य सभी गतिविधियों की सूक्ष्मद्रष्टा हैं |यही कारण है कि
उनके काव्य संग्रह “काव्य सुधा” में उनके व्यक्तित्व की ये सारी विविधताएं परिलक्षित हुई हैं |
मेरे बाबूजी ,संयम वाणी का  ,दुविधा , और मैं खो जाती हूँ ,साथ का अनुभव आदि में इनकी झलक देखी जा सकती है |
                         “ मैं अकेला “ में :-
                       अब खुद से हूँ बेजार
                         करनी पर पशेमान
                        मैं ही पकड़ नहीं पाया
                         समय से पीछे रह गया -------यूं ही एकल न रहता |
“परिवार “  में परिवार की परिभाषा सरल शब्दों में देखिये
                                   सच्चे दिल से किया समर्पण
                                           वजन बहुत रखता है
                                          सत्य वचन कर्मठ जीवन से
                                             परिवार सवर जाता है |
कुछ रचनाओं में ईश्वर के प्रति उनका समर्पण भाव भी प्रदर्शित  हुआ है |ओ निराकार ,कुशल चितेरा ,निर्विकार व  एक रूप प्रेम का आदि रचनाओं में  देखा जा सकता है |
        प्रकृति के विभिन्न रंग,आधुनिक जीवन की स्वच्छन्दतापूर्ण गतिविधियाँ ,अनैतिक आचरण पर कटाक्ष वृद्धावस्था एवं एकाकी जीवन की पीड़ा  आदि पर प्रकाश डालती रचनाएं एक ओर जहां पाठकों की भावनाएं उद्वेलित करती हैं वहीं दूसरी ओर कुछ सोचने और कुछ करने के लिए भी प्रेरित करती हैं |
देखिये एक बानगी “आचरण” में:-
              सदाचार घर  के अन्दर
               पर बाहर होता अनाचार
                 घर  में अनुशंसा इसकी
                उन्मुक्त आचरण घर के बाहर |
  इन विविधताओं से परिपूर्ण इस काव्य संग्रह को पढ़ना ,भावनाओं और विचारों  के सागर में डुबकी लगाने का आनंद प्रदान करता है |
         पुनश्च ,मैं काव्य संग्रह “ काव्य सुधा “ की लेखिका श्री मती आशा लता सक्सेना को बधाई देती  हूँ कि काव्य पठन के आज के उपेक्षित युग में अपने काव्य संग्रह “काव्य सुधा को” पाठकों के मध्य पठन की दिशा में आग्रही बना कर प्रस्तुत किया है |
        शुभेच्छु
(  डॉ अरुणा ढोबले )
सेवा निवृत्तसहायक प्राध्यापक
शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय
उज्जैन (म.प्र )
दिनांक :- १६.७.२०१५