अमृत कलश

Saturday, October 29, 2011

मातृ भक्त गरुड़ (भाग -१ )

बहुत पुराणी कथा एक
जब अमृत मथा गया था
उच्चेश्रवा नाम का घोड़ा
उससे प्रकट हुआ था |
कद्रू विनता नाम सहोदर
बहिने वहाँ खड़ी थीं
कौन रंग है इस घोड़े का
इस पर पड़ी अड़ी थीं |
विनती बोली बहिन अश्व वह
श्वेत रंग का भारी
कद्रू बोली सच है
लेकिन दुम काली है सारी |
शर्त लगाई दौनों ने
जो भी जीतेगी बाजी
मालिक होगी ,और दूसरी
दासी राजी राजी |
कद्रू के सहस्त्र सुत थे
जो नाग कहे जाते थे
थे सब को दुःखदाई
उनसे सुर न जीत पाते थे |
अपनी जीत जताने को वह
निज पुत्रों से बोली
जा चिपटो घोड़े की दुम से
हो काली वह धोली |
किसी भांति बीती रजनी
आया प्रभात सुख कारी
तब दौनों ने घोड़े तक
जाने की की तैयारी |
दौनों वे आकाश मार्ग से
फिर घोड़े तक आईं
चन्द्र प्रभा सा श्वेत अश्व
पर दुम थी काली पाई |
कद्रू हुई प्रसन्न बहुत
विनता उदास मुरझाई
दासी बनी बहिन की वह
दुःख से मन में घबराई |
ये दौनों थीं दक्ष सुता
कश्यप मुनि की गृहरानी
दौनों धर्म प्राण थीं सुन्दर
तेजस्वी गुण खानीं |
हो प्रसन्न कश्यप मुनि इक दिन
बोले लो वर सुन्दर
कद्रू के होवें हजार सुत
विनता के दो सुख कर |
अवसर आया जब कद्रू ने
शुभ सहस्त्र सूत जाए
तब विनता ने दो ही अंडे
विधि विधान से पाए |
किन्तु देव गति ने उसकी
मति पर था पर्दा डाला
समय पूर्ण होने से पहले
एक भग्न कर डाला |
तब अपूर्ण तेजस्वी बालक
उससे बाहर आया
कैसा पाप किया माता ने
यह उसने बतलाया |
वह बोला माँ हाय किया
तूने अनर्थ भारी
इससे भगनी की दासी
बनने की कर तैयारी |
जब होंगे शत पांच वर्ष
तब दूजा सूत आवेगा
वह तेजस्वी तुम्हें श्राप से
मुक्त करा पाएगा |
यह कह कर वह रवि सूत बना
रख अरुण नाम जग भाया
सूर्य देव की सेवा कर
निज जीवन धन्य बनाया |
इसी श्राप से विनता कद्रू की
दासी थी मानी
दूजे सूत की नित्य प्रतीक्षा
करती थी अभिमानी |
अंत हुआ विनता के दुःख का
वह शुभ अवसर आया
महा तेजधारी सूत उसने
तब अंडे से पाया |
किरण
(क्रमशः) भाग दो का इंतज़ार करें |
डा.ज्ञानवती सक्सेना की पुस्तक अमृत कलश के सौजन्य से |











4 comments:

  1. आदरणीया किरण जी को सादर प्रणाम|
    बहुत अच्छी रचना|दूसरे भाग के इंतजार में...

    ReplyDelete
  2. बहुत सुन्दर्…………दूसरे भाग का इंतज़ार है।

    ReplyDelete
  3. This comment has been removed by the author.

    ReplyDelete
  4. मम्मी की हर रचना अद्भुत, प्रेरक और अद्वितीय होती है ! बहुत प्यारी कथा है यह भी !

    ReplyDelete